कर्नाटक में जनता ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार को नकारा: योगी

punjabkesari.in Wednesday, May 16, 2018 - 12:55 PM (IST)

आगरा: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्नाटक विजय का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दिया। उन्होंने कर्नाटक की जनता का आभार जताया और शुभकामनाएं दीं।

मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी कासगंज में आपदा पीड़ितों को राहत राशि बांटने आए थे। पीड़ितों से मिलने के बाद उन्होंने कलैक्ट्रेट में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। समीक्षा बैठक के बाद योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कर्नाटक की जीत पर कहा कि वहां की जनता ने केंद्र सरकार की योजनाओं को अपना कर कांग्रेस के भ्रष्टाचार को नकारा है। कर्नाटक की जीत केंद्र सरकार के विकास कार्यों का नतीजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के कांग्रेस मुक्त भारत का सपना एक कदम और आगे बढ़ा है। इसके साथ ही योगी ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि अमित शाह की कुशल रणनीति और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत कर्नाटक के चुनाव में रंग लाई।

अधिकारियों से दिखे नाखुश
कासगंज दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी ही पुलिस को कटघरे में खड़ा कर दिया। पिछले दिनों हुई डकैती और हत्या की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए पुलिस को सुधरने की हिदायत दी। सहावर क्षेत्र के गांव फरौली में आपदा पीड़ितों को मुआवजा बांटने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने कलैक्ट्रेट में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली जिसमें अफसरों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने डकैती की घटनाओं में मारे गए 4 लोगों के बारे में ए.डी.जी. और डी.आई.जी. से सीधा सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग सुधारने के लिए अधिकारी खुद भी निकलें। जनता से संवाद कायम करें और भरोसा बढ़ाएं। इसके अलावा उन्होंने सोरों सूकर क्षेत्र के विकास के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्वराज अभियान के कार्य की भी समीक्षा की।

Anil Kapoor