सत्ता परिवर्तन चाह रही है देश की जनता, हम सबको आना होगा साथ: शिवपाल

punjabkesari.in Monday, Feb 11, 2019 - 09:15 AM (IST)

लखनऊ: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि देश की जनता परिवर्तन चाह रही है और हम सबको साथ आना होगा। यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में अपने 64वें जन्मदिन के मौके पर कहा कि देश में समाजवादी एवं धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए संघर्ष का बिगुल बज गया है। उन्होंने कहा कि जनता सत्ता परिवर्तन चाह रही है और इसके लिए हम सब को साथ आना होगा और कंधे-से-कंधा मिलाकर व्यवस्था और सत्ता बदलने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) का आशीर्वाद सदैव मेरे साथ है और रहेगा।

इस बीच प्रसपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. सीपी राय ने बताया कि पार्टी मुख्यालय पर अयोजित समारोह में यादव ने अपने 64वें जन्मदिन पर हजारों कार्यकर्ताओं औऱ समर्थकों के बीच केक काटा। लखनऊ के अलावा प्रदेश भर में यादव का जन्मदिन सादगी से मनाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से यहां 64-64 किलो का केक बनवाया गया जिसे यादव ने काटा और साथ ही अपने हाथो से उन्होंने 64 कबूतरों को उड़ाया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि यादव ने जन्मदिन पर माल एवेन्यू पर स्थित दरगाह दादा मियां में चादर चढ़ाई। दूसरी और हजरतगंज जीपीओ पर मंडल प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र सिंह ने केक काटा गया और 500 गरीबों को कंबल बांटे गए जहां इस कार्यक्रम में यादव भी उपस्थित थे। इसके अलावा दुबग्गा बाईपास पर प्रसपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने हजारों गरीबों को कंबल वितरण किए। उन्होंनेे बताया कि यादव के जन्मदिन के मौके पर ना केवल प्रदेश में बल्कि अन्य राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए जगह-जगह केक काटे है, मंदिरों में भंडारों का आयोजन किया गया, उपासना केंद्रों में उपासना की गई और गरीबों में कम्बल वितरण भी किए गए।

Anil Kapoor