ऐशबाग ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने अदा की नमाज, भीषण गर्मी से राहत के लिए की खास दुआ

punjabkesari.in Monday, Jun 17, 2024 - 03:22 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित ऐशबाग ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने सोमवार को ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा की। इस दौरान पूरे उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत के लिए खास दुआ की गई और पर्यावरण की रक्षा का आह्वान किया गया।

'डेढ़ लाख लोगों ने अदा की नमाज...'
ईदगाह के इमाम और इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि ईदगाह में करीब डेढ़ लाख लोगों ने ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा की। नमाज के बाद भीषण गर्मी से राहत के लिए विशेष दुआ की गई। मौलाना फरंगी महली ने बताया कि नमाज से पहले दिए गए खुतबे (भाषण) में उन्होंने इस्लाम में पर्यावरण संरक्षण के बारे में बताए गए सिद्धांतों का जिक्र करते हुए सभी से अपील की कि वे पर्यावरण को बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं और उनकी हिफाजत भी करें।

पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया बकरीद का पर्व
राजधानी में टीले वाली मस्जिद, नदवा मस्जिद और लालबाग क्षेत्र में जामा मस्जिद में भी खास नमाज अदा की गई। अयोध्या में ईदगाह में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और देश में शांति एवं समृद्धि के लिए दुआ की। वहीं, सहारनपुर के देवबंद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बकरीद का पर्व मनाया गया।

छोटे-छोटे बच्चों ने भी दी एक दूसरे को बधाई
बता दें कि बकरीद के त्योहार को मनाने के लिए पहले से ही तैयारियां कर ली गई थी। आज कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ में टीले वाली मस्जिद पर सबसे पहले सुन्नी समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़ी। वहीं, ईदगाह पर भी हजारों की संख्या में लोगों ने नमाज पढ़ी और दुआं मांगी। ईद की नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी। छोटे छोटे बच्चों ने भी नमाज पढ़ने के बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।

बकरीद पर दी जाती है बकरे की कुर्बानी
इस्लाम धर्म में ईद उल अजहा दूसरा सबसे बड़ा त्यौहार माना जाता है। ईद उल अजहा के दिन बकरे की कुर्बानी दी जाती है। ईद उल अजहा को बकरीद, बकरा ईद अथवा ईद उल बकरा के नाम से भी जाना जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, इस बार बकरा ईद 17 जून यानी आज मनाई जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static