यूपी चुनाव में भेदभाव की राजनीति का जवाब देगी जनता: अरुण जेटली

punjabkesari.in Thursday, Mar 02, 2017 - 02:18 PM (IST)

वाराणसी:केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कांग्रेस-समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन एवं बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) पर एक बड़े वर्ग के साथ भेदभाव कर सत्ता एवं रोजगार से उन्हें दूर रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से उपेक्षा झेल रहे लोग अब विद्रोह पर उतर आए हैं और उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में लाने का मन बना चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंचे जेटली ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता विकास के मुद्दे पर भाजपा के पक्ष में खड़ी है। इसका अंदाजा गत पांच चरणों के मतदान को देखने से लगता है।

नोटंबदी के बाद महाराष्ट्र, ओडिसा सहित कई देशों की जनता खुश
उन्होंने कहा कि अगले 2 चरणों में भी उसी प्रकार के रुझान देखने को मिलेंगे और भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, भ्रष्टाचार और कालाधन के खिलाफ नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा नोटबंदी करने के बाद कांग्रेस ने देश की अर्थव्यवस्था खराब होने एवं जीडीपी कम होने का अनुमान लगाया था, लेकिन उसके बाद 7 फीसदी जीडीपी की रफ्तार के आंकड़े आने के बाद कांग्रेस अब निराश लग रही है। उन्होंने कहा कि नोटंबदी के बाद महाराष्ट्र, ओडिसा सहित देश के कई हिस्सों में आए चुनाव परिणामों से पता चलता है कि जनता इससे खुश है और यही वजह है कि वह भाजपा के पक्ष में वोट कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। पूरी दुनियां का यही आंकलन है लेकिन कांग्रेस को इससे शायद खुशी नहीं हो रही है।

मोदी के विकास की नीतियों से देशभर के लोग प्रभावित
जेटली ने कहा कि मोदी के विकास की नीतियों से देशभर के लोग प्रभावित है और यही वजह है कि वे भाजपा को समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा एवं बसपा की अपराध और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली सरकार से जनता ऊब चुकी और अब वह विधान सभा चुनाव में उसके खिलाफ मतदान कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ी जीत हासिल करने जा रही है, जिसका सकारात्मक असर देश की अर्थ व्यवस्था अवश्य पड़ेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज विवाद पर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के भाजपा पर लगा रहे आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव आते हैं तो इस प्रकार के विवाद करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा चुनाव के समय असहिष्णुता का माहौल बनाया गया था।  उन्होंने कहा कि जनता अच्छी तरह से समझती है कि आखिर किस मकसद इस प्रकार के माहौल बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता किसी प्रकार के बहकावे में नहीं आएगी क्योंकि उसके लिए विकास एक बड़ा मुद्दा बन गया है।

एक परिवार एेसा है जो चाहता था की सत्ता हमेशा रहे उसके पास
उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी को सबसे पहले कार्यकर्त्ताओं, फिर मतदाताओं और अंत में सांसदों ने चुन कर प्रधानमंत्री बनाया। इस चुनाव में भी इतिहास दोहराया जाएगा। भाजपा उन हर उस देशवासी के साथ है जो चाहते हैं कि देश की एकता बरकरार रहे । उन्होंने कांग्रेस पार्टी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि देश में एक परिवार एेसा है जो चाहता था की सत्ता हमेशा उसके पास रहे।