सत्ता सुख से वंचित लोग अब मोदी को रोकने के लिए गठबंधन कर रहे हैं: BJP प्रदेश अध्यक्ष

punjabkesari.in Friday, Nov 30, 2018 - 06:31 PM (IST)

लखनऊः बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि अपनी भोग विलासिता के लिए सत्ता सुख से वंचित लोग अब प्रधानंमत्री नरेन्द्र मोदी को रोकने के लिए गठबंधन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी का जनता से गठबंधन है, इसलिए कोई कितने भी गठबंधन क्यों न कर ले, लेकिन मोदी को कोई भी ताकत फिर से प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक सकती। 

पाण्डेय ने कहा कि देश की सत्ता की बागडोर संभालते ही प्रधानमंत्री ने गरीबों, वंचितों, शोषितों, अनुसूचितों सहित गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले सभी वर्गों के लोगों की जीवनशैली में बदलाव लाने के संकल्प के साथ कार्य करना शुरू किया। कई कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाकर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का काम किया है।

प्रदेश बीजपी अध्यक्ष ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम का तो उपयोग किया लेकिन उनके विचारों को नहीं अपनाया। कांग्रेस ने महात्मा गांधी के विचारों को कब का छोड़ दिया, इसके विपरीत मोदी ने गांधी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए स्वच्छता को पूरे देश में एक आंदोलन का स्वरूप दे दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सपा-बसपा और कांग्रेस जैसे दलों ने गरीबों के नाम पर गरीबी हटाने का नारा देकर सरकारें तो बनाईं, लेकिन इन गरीबों के जीवन स्तर में सुधार आए, इसके लिए कोई कार्य नहीं किया। सपा-बसपा जैसे दल कांग्रेस के पदचिह्नों पर चलते हुए परिवारवाद और भ्रष्टाचार के दल-दल में फंस गए हैं।  
 

Ruby