महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करना व्यक्ति को पड़ा महंगा

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2017 - 12:24 PM (IST)

बुलंदशहरः बुलंदशहर के एक विवाह समारोह में एक महिला पर कुछ लोगों ने अश्लील टिप्पणी कर दी। इसका विरोध कर रहे एक व्यक्ति की कथित रूप से इतनी पिटाई की गई कि उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार को गुलाओथी कस्बे के रामनगर क्षेत्र में हुई। उनका कहना है कि पीड़िता के रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि देवी सिंह (55) ने कुछ लोगों के समूह द्वारा महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने का विरोध किया। जिसके बाद 5 लोगों ने देवी सिंह और उनकी पत्नी की जमकर पिटाई की।

देवी सिंह की वीरवार शाम दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी तेजू सिंह का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।