पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग, गुस्साए लोगों ने सरकार को दी चेतावनी- 'महंगाई कम नहीं हुई तो 2022 में सिखाएंगे सबक'

punjabkesari.in Monday, Oct 11, 2021 - 04:25 PM (IST)

प्रयागराज: लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दाम आम जनता के लिए परेशानी बने हुए हैं। देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। देश मे अधिकतर जिलों में पेट्रोल 100 रुपय प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। आज पेट्रोल की कीमतों में 30 पैसा प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है तो डीज़ल के दाम 35 पैसे प्रति लीटर बढ़ाये गए है। अक्टूबर महीने की बात करें तो बीते 11 दिनों में 10 दिन तेल के दामों में बढ़ोतरी देखी गई है। अगर 4 अक्टूबर के दिन को छोड दे तो हर दिन तेल की कीमत में इजाफा किया गया है। लगातार बढ़े तेल के दामों से आम जनता अब परेशान होने लगी है क्योंकि इसका असर सब्ज़ियों के साथ-साथ रोज़मर्रा की अन्य चीजों पर भी दिखाई देने लगा है। आम जनता का कहना है कि सरकार को बढ़ते दामों पर लगाम लगाने की जरूरत है।


बढ़ते पेट्रोल और डीजल के दामों से संगम शहर प्रयागराज के लोगों में काफी आक्रोश है। आम जनता का कहना है की महगाई चरम पर है, ऐसे में लगातार बढ़ते तेल के दाम अब काफी मुश्किलें पैदा कर रहे हैं। एक तरफ जहा कोरोना काल से लोग परेशान है तो दूसरी तरफ लगातार बढ़ रहे हैं तेल के दाम उनके लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।


लोगों का यह भी कहना है कि बीजेपी की सरकार ऐसी पहली सरकार होगी जिन्होंने महंगाई के अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। देश में जब सत्ता परिवर्तन हुआ तो सरकार का कहना था कि जल्द ही लोगों को महंगाई से निजात मिलेगी। लेकिन आज इसका असर उल्टा ही असर दिखाई दे रहा है। विकास के नाम पर महंगाई चरम पर है जिससे आम जनता बेबस नजर आ रही है। लोगों ने कड़ी चेतावनी देते हुए मौजूदा सरकार को आगाह किया है कि अगर जल्द ही पेट्रोल और डीज़ल के दाम सरकार ने कम नहीं किये तो आने वाले 2022 चुनाव में मौजूदा सरकार को सबक सिखाने के काम करेंगे। जिस तरीके से पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को मुंह की खानी पड़ी है उसी तरह 2022 में भी अगर महंगाई ऐसी बढ़ती गई तो सत्ता परिवर्तन होना पक्का है।


बता दे कि इंडियन ऑयल भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर रोज सुबह 6 बजे से पेट्रोल रेट और डीजल रेट में संशोधन करते हैं और नया रेट जारी करते हैं। लगातार बढ़ रहे तेल के दामों को लेकर पेट्रोल पंप के प्रबंधक अजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल अभी दामों पर रोक लगना मुश्किल है, अधिकतर हर रोज़ पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे है और अब सीएनजी के दाम भी बढ रहे है।

Content Writer

Umakant yadav