रिवर फ्रंट में डिस्को कल्चर खत्म, अब दिखेंगी रामायण-महाभारत काल की तस्वीरें

punjabkesari.in Friday, Jan 05, 2018 - 07:30 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने गोमती रिवर फ्रंट योजना के अधूरे काम को पूरा करने का निर्णय लिया है। राज्य के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमती रिवर फ्रंट योजना के अधूरे कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि रिवर फ्रंट को पुनर्जीवित करने के लिए फव्वारे लगाए जाएंगे।

रिवर फ्रंट में डिस्को कल्चर खत्म किया जाएगा। अब रिवर फ्रंट की खूबसूरती बढ़ाने के लिए लोक संस्कृति और लोक संगीत को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोमती तट पर अब रामायण-महाभारत काल की तस्वीरें दिखाई जाएंगी। नदी को खूबसूरत और साफ बनाने के लिए शारदा नहर से पानी छोड़ा जा रहा है, जहां बिजली बंद थी उसे चालू कराने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में शुरू की गई इस परियोजना के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं लेकिन योगी सरकार इसे बिना भ्रष्टाचार के और सुन्दर रूप देगी।