कांवड़ यात्रा मार्ग पर फेंके मांस के टुकड़े, भड़के लोग...हुआ हंगामा, शरारती तत्वों ने की माहौल बिगाड़ने की कोशिश
punjabkesari.in Monday, Jul 21, 2025 - 11:47 AM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान शरारती तत्वों माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। उन्होंने जानबूझकर फ्लाईओवर के ऊपर से पालीथीन में मांस के टुकड़े (मुर्गें के अवशेष) फेंक दिए। नीचे से कांवड़िए गुजर रहे थे। सड़क पर बिखरे इन मांस के टुकड़ो को देखकर लोग भड़क गए और हंगामा करने लगे। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मांस के बिखरे हुए टुकड़े देखकर भड़के लोग
बता दें कि कोटला चुंगी चौराहे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बंबा चौराहा, ककरऊ कोठी की तरफ से कावड़ लेकर गुजरते हैं। रविवार रात नौ बजे किसी शरारती तत्व ने फ्लाईओवर के ऊपर से पालीथीन में मांस के टुकड़े (मुर्गें के अवशेष) फेंक दिए। लेकिन, ये टुकड़े किसी कांवड़िए के ऊपर नहीं गिरे। सड़क पर मांस के बिखरे हुए टुकड़े देखकर कांवड़िए भड़क गए और हंगामा करने लगे। जानकारी पर एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को शांत कराने की कोशिश करने लगे।
शरारती तत्व की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस फोर्स ने सड़क पर बिखरे हुए मांस के टुकड़ों को हटाया। साफ सफाई करवाई और कांवड़ियों यात्रा को वहां से आगे बढ़ाया। इस दौरान कावड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई और उनका गुस्सा शांत कराया। वहीं, पुलिस जांच में जुट गई। सीसीटीवी खंगाल कर शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनकी तलाश कर हिरासत में लिया जाएगा।