पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की हत्या का था प्लान, पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 19, 2018 - 05:06 PM (IST)

मुजफ्फरनगर(उत्तर प्रदेश): पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की कथित तौर पर हत्या की साजिश रचने के मामले में खालिस्तानी समूह के संदिग्ध सदस्य को पुलिस ने शामली जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी करम सिंह को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इस बीच इस सिलसिले में राजस्थान के बीकानेर जिले से गुरुवार को गिरफ्तार किए गए जर्मन सिंह को यहां लाया जाएगा और उसे पुलिस हिरासत में भेजा जाएगा। वह खालिस्तानी समर्थक मॉड्यूल का नेता है, जिसने शामली जिले में 2 अक्टूबर को पुलिसर्किमयों पर कथित तौर पर हमला कर उनकी राइफल लूट ली थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अदालत ने इस मामले में 3 अन्य आरोपियों को 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा है, जिसे 2 अक्टूबर की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि वे चरमपंथी गुट खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट से जुड़े हैं और उन लोगों ने रैली के दौरान बादल पर हमला करने की योजना बनाई थी।

Anil Kapoor