उत्तर प्रदेश को सपा-बसपा ने मिलकर लूटा: अमित शाह

punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2016 - 02:50 PM (IST)

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में आयोजित शंखनाद रैली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी। रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश को सपा-बसपा ने मिलकर लूटा है। यूपी सरकार बदल दीजिए प्रदेश का विकास शुरू हो जाएगा। बिना यूपी के विकास के देश का विकास नहीं हो सकता है। केवल बीजेपी ही यूपी का विकास कर सकती है। बीजेपी के शासन में ही यूपी का विकास होगा। इस दौरान उन्होंने अखिलेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। 
 
केंद्र की योजनाओं को प्रदेश में लागू नहीं करती सपा सरकार
अमित शाह ने अखिलेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र सरकार की योजनाओं को उ.प्र. में लागू नहीं करती है। फसल बीमा योजना नीचे तक नहीं पहुंची। केंद्र सरकार ने 2 लाख करोड़ रुपया प्रदेश को दिया लेकिन वह पैसा पता नहीं कहां गया। प्रदेश में न तो सही बिजली आती है और न ही लोगों को दवाएं मिलती हैं। केंद्र सरकार ने 2 साल में सबसे ज्यादा बिजली का उत्पादन किया है। 2 सालों में हर क्षेत्र का विकास हुआ है। 
 
थानों में फरियादियों का हो रहा शोषण 
अमित शाह ने अखिलेश सरकार पर कई ताबड़तोड़ हमले किए। उन्होंने कहा कि यूपी का लॉ एंड आर्डर अब लो एंड आर्डर करो बन गया है। थानों में फरियादियों का शोषण हो रहा है। यूपी में खुद पुलिस सुरक्षित नहीं है तो लोगों का अंदाजा लगाया जा सकता है। 
 
मथुरा कांड शर्मनाक 
शाह ने कहा कि मथुरा का जवाहर बाग हिंसा शर्मनाक कांड है लेकिन इसे सपा सरकार घटना नहीं बताती। आप कहते हो कि भाजपा वाले मथुरा को मुद्दा बना रहे हैं। अरे अखिलेश जरा भी शर्म बची है तो डूब मरो। आपको मथुरा मुद्दा नहीं लगता है तो डूब मरो।
 
गुंडे-माफियाओं से भरी पड़ी है समाजवादी पार्टी
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडे-माफियाओं से भरी पड़ी है। अतीक अहमद का क्या करोगे? मुख्तार अंसारी का नाटक करते हो अतीक अहमद का क्या करोगे? ये पार्टी ऐसे लोगों से भरी पड़ी है। निकाल दोगे तो पार्टी में कौन बचेगा। इस पार्टी में मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे कई माफिया हैं। 
 
यूपी में साढ़े तीन मुख्यमंत्री
शाह ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि हर स्टेट में एक मुख्यमंत्री होता है, लेकिन यूपी में साढ़े तीन मुख्यमंत्री हैं। एक अखिलेश, दूसरे नेताजी, तीसरे शिवपाल और आधे आज़म खान। जिस स्टेट में इतने मुख्यमंत्री हों उसका भला कभी नहीं हो सकता। 
 
यूपी में बड़े लेवल पर हो रहा पलायन
शाह ने कहा कि यूपी में बड़े लेवल पर पलायन हो रहा है, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश से पलायन हो रहा है। वो कहते हैं ये कम्युनल नहीं है, ये लॉ एंड आर्डर की समस्या है, तो लॉ एंड आर्डर संभालना किसकी जि़म्मेदारी है? ओबामा आकर देखेंगे?
 
मायावती ने दलितों के लिए कुछ नहीं किया 
अतित शाह ने उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमों मायावती पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि दलितों के लिए मायावती ने कुछ भी नहीं किया है। बीएसपी ने सिर्फ दलितों का उपयोग किया है।