PM किसान सम्मान निधि के पात्र सभी किसानों का 10 जुलाई तक डाटा फीड करें DM: योगी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 02, 2019 - 10:33 AM (IST)

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत लाभान्वित होने वाले सभी किसानों का डाटा 10 जुलाई तक फीड करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार को जिलाधिकारियों से कहा कि कुछ जनपदों में निचले स्तर पर किसानों से अवैध वसूली की शिकायतें आई हैं। इसके लिए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्य में कोताही बर्दाशत नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लोकभवन में केंद्रीय कृषि सचिव संजय अग्रवाल, प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पाण्डेय और प्रमुख सचिव (कृषि) के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बैंकर्स, किसान संगठन और स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर जागरुकता कार्यक्रम चलाएं, हर गांव में कैंप लगाकर किसानों को इसके बारे में पूरी जानकारी दें।

योगी ने कहा है कि कई मामलों में बैंक अकाउंट, केवाईसी, आधार कार्ड नंबर गलत दर्ज होने के कारण किसानों को इसका लाभ नहीं मिल सका है। इसे 10 जुलाई तक दुरुस्त किया जाए और नए किसानों का डाटा फीड किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, आगरा और इटावा के जिलाधिकारियों ने अतिरिक्त किसानों का डाटा तैयार किया है। इसी तरह अन्य जिलों के जिलाधिकारियों को किसानों का डाटा तैयार करना चाहिए, जिससे कोई भी किसान इस योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2.33 करोड़ किसान हैं, प्रथम चरण में करीब 1.10 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किया गया है। अब भी एक करोड़ से अधिक किसानों को लाभान्वित किया जाना है।

 

Ruby