संजय सिंह ने BJP पर साधा निशाना- अंबानी-अडानी को विश्व का सबसे अमीर बनाना PM मोदी का लक्ष्य

punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2022 - 06:52 PM (IST)

मुरादाबाद: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य देश के दो उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी को विश्व का सबसे अमीर आदमी बनाना है। सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पूंजीपति दोस्तों की संपत्ति में वृद्धि करने की वजह से केंद्र सरकार ने कार्पोरेट टैक्स माफ कर दिया, जबकि मंहगाई से परेशान आम जनता की जरूरी चीजें आटा-दाल दवा पर टैक्स बढ़ा दिया है।

‘AAP की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा में बौखलाहट’
बता दें कि सिंह ने रुहेलखंड प्रांत के कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हिंदु-मुसलमान मुद्दे से इतर शिक्षा, स्वास्थ्य नौकरी और न्याय आधारित मुद्दों पर भाजपा को राजनीति करने पर मजबूर कर दिया है। जिससे भाजपा बौखलाहट में विपक्ष पर अनाप शनाप आरोप लगा रही है। इसलिए केन्द्र सरकार की दिल्ली पुलिस ने अपराधियों के बजाय विपक्ष को पकड़ने में ताकत झौंक दी है।       

पंजाब चुनाव के परिणाम के बाद लोगों में AAP की छवि बदली: सिंह
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में चुनाव परिणाम के बाद पार्टी की दिनों दिन बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों में जनता का भरोसा बढ़ने से स्थानीय निकाय चुनावों में बगैर घोटाले के सफाईकर्मियों की भर्ती तक नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव के परिणाम के बाद लोगों में पार्टी की छवि बदली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निकाय चुनावों में जनता आम आदमी पार्टी के एजेंडे पर विश्वास जताएगी। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि पैरों की साफ-सफाई का जिम्मा झाड़ू वालों के हाथों में ही होना चाहिए।
 

Content Writer

Mamta Yadav