कोरोना को हराने वाले आगरा के जूता कारोबारी से PM मोदी ने सुनी आपबीती, कहा- आपकी हिम्मत का सम्मान

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2020 - 03:34 PM (IST)

आगराः कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते पूरे देश में लॉकडाउन है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहे हैं। लोगों से टीवी के माध्यम से जरुरी जानकारियां सांझा कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देश से मुखातिब हुए। खास बात ये थी कि इस दौरान पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले जूता कारोबारी अशोक से उनके अनुभव सुने।

जूता कारोबारी अशोक कपूर ने कहा कि मैं और मेरे परिवार के 6 लोग कोरोना संक्रमित हो गए थे। हमें आगरा से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल एंबुलेंस से भेजा गया। अस्पताल में हम लोग अलग-अलग 6 कमरों में 14 दिन तक रहे। चिकित्सक और स्टाफ के निर्देशों का पालन करते-करते हम सही हो गए। चिकित्सकों और अन्य स्टाफ ने हमारा ख्याल रखा।

अशोक कपूर ने प्रधानमंत्री से कहा कि वो आगरा और दिल्ली के स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों का आभारी हैं। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अशोक कपूर से उनके अनुभव सुनने के बाद उनके परिवार की दीर्घायु की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जूता कारोबारी से कहा कि आप आगरा में लोगों को नियमों का पालन करने के लिए कहिए। भूखों को भोजन कराएं। हम आपकी हिम्मत और समझदारी का सम्मान करते हैं। कारोबारी ने बताया कि, उन्होंने जागरूकता के लिए कुछ वीडियो क्लिप बनाई है, जिसे लोगों के साथ साझा कर रहा हूं। इससे लोगों में जागरूकता आएगी।

Tamanna Bhardwaj