यूपी में शानदार जीत के बाद दिल्ली में पीएम मोदी का मेगा शो

punjabkesari.in Sunday, Mar 12, 2017 - 06:38 PM (IST)

दिल्ली/लखनऊः संसदीय बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में आज रोड शो कर जनता का अभिवादन करेंगे।वह शाम 6 बजे संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लेने भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे।

दिल्ली की सड़कों पर होगा पीएम मोदी का रोड शो
संसदीय दल की बैठक से पहले दिल्ली की सड़कों पर भाजपा विजय जुलूस निकालेगी। इस रोड शो में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शामिल होंगे। रोड शो में भाजपा कार्यकर्ता फुलों के साथ पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। इसके लिए आज सुबह अमित शाह के आवास पर बीजेपी के नेताओं की एक बैठक हुई। यह रोड शो ली मेरिडियन होटल से भाजपा मुख्यालय तक होगा।
पीएम मोदी ली मेरिडियन होटल से भाजपा मुख्यालय तक पैदल जाएंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। ली मेरिडियन होटल से भाजपा मुख्यालय तक की दूरी करीब 300 मीटर है।

कौन बनेगा मुख्यमंत्री, संसदीय दल की बैठक में होगा फैसला?
भाजपा संसदीय दल की बैठक में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान हो सकता है। वैसे पार्टी गलियारे में यूपी सीएम के लिए जिन नामों पर चर्चा है उसमें गृह मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्य, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, गोरखपुर के सांसद महंत योगी आदित्य नाथ के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा और लखनऊ  के महापौर एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा का नाम शामिल है।

हालांकि पार्टी के उच्च पदस्थ लोगों का कहना है कि इनके अलावा भी कोई चेहरा आगे किया जा सकता है। वहीं उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के लिए सतपाल महाराज, त्रिवेंद्र रावत और अजय भट्ट सबसे आगे माने जा रहे हैं।