PM मोदी का विपक्षी गठबंधन पर बड़ा हमला, कहा- सपा को हर घंटे में उम्मीदवार बदलने पड़ रहें, कांग्रेस की स्थिति और भी विचित्र

punjabkesari.in Saturday, Apr 06, 2024 - 01:26 PM (IST)

सहारनपुर: आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर पहुंच कर चुनावी शंखनाद किया है। यहां विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भर में देश का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा ये साथ मां शक्ति का स्थान है, मां शक्ति की साधना का स्थान है। देश का दुर्भाग्य है कि INDI गठबंधन के लोग खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। क्या कोई शक्ति को खत्म कर सकता है क्या? जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है उन सभी का क्या हाल हुआ है वो इतिहास में पुराणों में अंकित है।

विपक्षी गठंबधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे विरोधी सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं। मैं देश का पहला ऐसा चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है, बल्कि विपक्ष केवल इसलिए चुनाव लड़ रहा है। ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें और NDA की सीटें 400 से कम की जा सकें। सपा हमला पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घन्टे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी INDI गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब जो कांग्रेस बची है, उसके पास न देश हित में नीतियां हैं और न ही राष्ट्रनिर्माण का विजन। कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणा पत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस के घोषणा पत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है और इसका जो कुछ हिस्सा बचा रह गया, उसमें वामपंथी पूरी तरह हावी हो चुके हैं। कांग्रेस इसमें दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है।

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि ये चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है। मैंने उस समय गारंटी दी थी की देश झुकने नहीं दुगा, हर स्थिति को बदलूंगा। निराशा को आशा और आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी। याद किजिए तब हमारा भारत 11वें नंबर की ताकत था। अब मोदी ने 5वें नम्बर की ताकत बना दिया है। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है। महिलाएं भी बोल रही हैं, बुजुर्ग भी बोल रहे हैं, गांव भी बोल रहा है, शहर भी बोल रहे हैं - फिर एक बार मोदी सरकार। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj