देह व्यापार में युवतियों को धकेलने वाली नंदिनी गिरफ्तार, पुलिस ने किए चौकाने वाले खुलासे
punjabkesari.in Wednesday, Feb 26, 2025 - 03:17 PM (IST)

गोरखपुर: जिले में हुक्का बार के जरिए देह व्यापार के धंधे में युवतियों को धकेलने वाली देवरिया की नंदनी को रामगढ़ताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुताबिक इवेंट प्लानर बनकर बेरोजगार युवतियों को फंसाकर वह हुक्का बार के संचालक अनिरुद्ध ओझा से मिलवाती थी। वह नौकरी के जाल में फंसाकर युवतियों को देह व्यापार में धकेल देता था। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई किशोरी के बयान में नंदनी का नाम आया था। पुलिस के शिकंजे में फंसने के बाद रेशमा खान ने भी नंदनी का नाम बताया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी।
मुखबिर की सूचना पर नंदनी को पुलिस ने दबोचा
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रामगढ़ताल पुलिस ने रेशमा को भी पकड़कर जेल भिजवा दिया था। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद रामगढ़ताल क्षेत्र से भोर में थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक अनीत कुमार राय और महिला उप निरीक्षक आरती यादव ने घेराबंदी कर नंदनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करके दोपहर बाद उसे जेल भिजवा दिया। रामगढ़ताल पुलिस ने बताया कि नंदनी मोहद्दीपुर में ओरियन मॉल के पीछे किराए का कमरा लेकर रहती थी। दिसंबर में उसने कमरा छोड़ दिया था। वह देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के मलहचक गांव की रहने वाली है।
जानिए पूरा मामला
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया रामगढ़ताल क्षेत्र की किशोरी के लापता होने पर उसकी मां ने दो जनवरी 2025 को थाने में केस दर्ज कराया था। दो दिन बाद किशोरी खुद ही घर वापस आई और बताया कि उसके साथ शाहपुर के जेनिस बॉटल रेस्टोरेंट में सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। तब मां ने रामगढ़ताल थाने पर जाकर सारी बात बताई। पुलिस ने उसी केस में सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर शाहपुर में चलने वाले जेनिस बॉटल रेस्टोरेंट में 10 जनवरी को छापा मारा था। तब वहां पर हुक्का बार चलते हुए मिला था। आरोपी भाग निकले थे। इसके बाद 14 जनवरी को अनिरुद्ध ओझा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भिजवाया था।
नंदनी का नाम आने पर पुलिस हुई थी सक्रिय
इस केस की जांच में नंदनी और रेशमा का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों युवतियों को धोखे से फंसा कर हुक्का बार में लाती थीं, फिर उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया जाता था। रामगढ़ताल थाने की वांछित नंदनी उर्फ परी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। इस केस में पहले ही चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।