पॉक्सो एक्ट में वांछित आरोपी को पुलिस ने दबोचा, नाबालिग संग दुष्कर्म की घटना को दिया था अंजाम

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 05:19 PM (IST)

शामली: जिले में आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार मामला आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता के परिजनों ने दो दिन पहले हुई घटना के संबंध में 2 मार्च को थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65ए, 123 बीएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे महिला सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी गांव टिटौली, थाना आदर्श मंडी, जनपद शामली के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static