पुलिस का दावा- नोएडा में जनवरी से अक्टूबर तक सड़क दुर्घटनाओं में 354 व्यक्तियों की मौत

punjabkesari.in Monday, Nov 21, 2022 - 07:26 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में इस साल सड़क हादसों में 350 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। यह जानकारी पुलिस के आंकड़े से मिली। पुलिस उपायुक्त (यातायात) गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि जनवरी 2022 से अक्टूबर 2022 के बीच कुल 897 सड़क दुर्घटनाएं जनपद में हुईं। उन्होंने बताया कि इन दुर्घटनाओं में 354 लोगों की मौत हो गई, जबकि 680 लोग घायल हुए।

यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि मृतक आत्माओं की शांति के लिए जनपद के विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर रविवार शाम को एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इसमें सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ यातायात वालंटियर, व्यापार मंडल के पदाधिकारी व शहर के जागरूक नागरिक मौजूद थे। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं के लोगों के साथ मिलकर यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जगहों पर विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

Content Writer

Mamta Yadav