कुख्यात डकैत बबुली कोल गिरोह से पुलिस मुठभेड़: सब इंस्पेक्टर की मौत

punjabkesari.in Thursday, Aug 24, 2017 - 07:52 PM (IST)

चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में आज पांच लाख रुपये के इनामी डकैत बबुली कोल के गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ में एक दारोगा की मृत्यु हो गयी। मुठभेड़ में तीन दस्युओं को गिरफ्तार किया गया। 

गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार चित्रकूट के माणिकपुर के निही चिरैया के जंगल में आज भोर करीब तीन बजे पुलिस और बबुली कोल गिरोह के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। इस दौरान गोली लगने से दारोगा जय प्रकाश सिंह घायल हो गये और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी। गोली लगने से घायल बहिलपुरवा थानाध्यक्ष वीरेन्द्र त्रिपाठी का उपचार किया जा रहा है, वह खतरे से बाहर हैं। 

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में दस्यु गिरोह का एक सक्रिय सदस्य राजू कोल घायल हुआ है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही दो अन्य डकैत भी गिरफ्तार किये गये हैं। एक-दो और डकैतों के भी घायल होने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी थी। बांदा, महोबा तथा हमीरपुर से अतिरिक्त बल को मुठभेड़ स्थल पर भेजा गया है।

बबुली कोल गिरोह के विरूद्ध मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों पर डकैती, लूट, हत्या, अपहरण आदि के 47 मुकदमे पंजीकृत हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया है।