Noida News: 15000 करोड़ के महाघोटाले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, हाथ लगे कई अहम सबूत

punjabkesari.in Tuesday, Jun 06, 2023 - 04:08 PM (IST)

Noida News: उत्तर प्रदेश में नोएडा पुलिस ने लोगों के दस्तावेज का दुरुपयोग करके फर्जी तरीके से कंपनियों का पंजीकरण कराकर 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की कथित तौर पर  चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार देर रात तक छापेमारी की। पुलिस इस गिरोह के कथित 8 सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

2660 फर्जी कंपनी बनाकर 15 हजार करोड़ लगाया चूना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धोखाधड़ी मामले में गत बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों की पुलिस हिरासत के लिए मंगलवार को अदालत में अर्जी दायर की गई। उल्लेखनीय है कि नोएडा पुलिस ने गत बृहस्पतिवार को 2660 फर्जी कंपनी बनाकर 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की जालसाजी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया था। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में अब नोएडा पुलिस के साथ राज्य व केंद्र की जीएसटी टीम भी जांच कर रही है।



दिल्ली में मिला गिरोह का चौथा कार्यालय
अधिकारियों ने बताया कि जांच में दिल्ली के मयूर विहार में एक और कार्यालय का पता चला है जो इस गिरोह का चौथा कार्यालय है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक पुलिस को मधु विहार, शहादरा और पीतमपुरा स्थित कार्यालयों की जानकारी थी। अधिकारियों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के दिल्ली सहित कई और शहरों में भी कार्यालय हो सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर छापेमारी की। उन्होंने बताया कि वहीं जांच के दौरान पुलिस को जालसाजों के चौथे कार्यालय का पता चला है जो दिल्ली के मयूर विहार में है।

आरोपियों के 36 बैंक खातों की जानकारी पुलिस को मिली
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धोखाधड़ी के मामले में बीते बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों की पुलिस हिरासत के लिए पुलिस ने मंगलवार को अदालत में अर्जी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नोएडा पुलिस व उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की टीमें लगातार कई राज्यों में दबिश दे रही हैं। इस मामले में नोएडा जोन के डीसीपी हरीश चंद्र ने बताया कि पुलिस हर दिन इस मामले में जांच को आगे बढ़ा रही है और जांच कई बिंदुओं पर चल रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ एसटीएफ की टीम भी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली के अलावा कई राज्यों में दबिश दे रही है। अधिकारियों के अनुसार पुलिस जांच में गिरोह के 36 बैंक खातों की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद खातों में मिले 25 लाख रुपये के लेनदेन पर सोमवार को रोक लगा दी गई। उन्होंने बताया कि आशंका है कि जालसाजों ने कई और बैंक खातों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने बताया कि नोएडा पुलिस के साथ एसटीएफ, आईबी, केंद्रीय व राज्य जीएसटी, राजस्व आसूचना आदि की टीम भी इस मामले की जांच कर रही है।

Content Editor

Harman Kaur