''प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालेंगे...'' सर्राफा व्यापारी को फर्जी स्मैक केस में डराकर पुलिसवालों ने वसूले 2 लाख

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 01:43 PM (IST)

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से खाकी को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। जहां पुलिसवालों ने ही वर्दी का गलत इस्तेमाल करते हुए एक सर्राफा व्यापारी का पहले अपहरण किया, फिर उसे फर्जी स्मैक केस में फंसाने और टॉर्चर करने की धमकी देकर 2 लाख रुपए की रंगदारी वसूल ली। मामला परशुरामपुरी थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित व्यापारी की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर 4 पुलिसकर्मियों समेत 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

परशुरामपुरी के रहने वाले सर्राफा व्यापारी सुंदरम क्षत्रिय के अनुसार, घटना 4 सितंबर की शाम की है। तिलहर थाने की बिरियागंज चौकी पर तैनात 2 सिपाही सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर उनके घर के बाहर पहुंचे। सुंदरम जैसे ही बाहर आए, वे उन्हें जबरन उठाकर पहले एक सुनसान जगह और फिर चौकी ले गए। आरोप है कि सिपाहियों ने अपनी गाड़ी में रखी एक काली पन्नी दिखाकर सुंदरम को स्मैक तस्कर के झूठे केस में जेल भेजने की धमकी दी। जब व्यापारी ने विरोध किया, तो उनके साथ जमकर मारपीट की गई। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए उनके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालने की धमकी तक दे डाली।

ये भी पढ़ें:- जमानत पर आते ही फिर दरिंदगी: हैवान ने उंगलियों से निकाली थीं आंखें, अब दलित नाबालिग से किया रे/प

खौफजदा व्यापारी के हाथ-पैर जोड़ने के बाद पुलिसवालों ने उसे अपने परिजनों को फोन करने की इजाजत दी। सुंदरम के पिता ने आनन-फानन में 2 लाख रुपए का इंतजाम कर पुलिसकर्मियों को दिए, तब जाकर उन्होंने व्यापारी को छोड़ा। इस पूरी वारदात की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे के दावों की पोल खोलकर रख दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पीड़ित सुंदरम ने 6 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई, तो हड़कंप मच गया। मामले की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए।

एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 4 नामजद पुलिसकर्मियों और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल 2 सिपाहियों—धीरेंद्र और पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 2 अन्य सिपाही अरुण चित्तौड़िया और तुषार फिलहाल फरार हैं। चारों पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static