बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित के आश्रम पर पुलिस ने मारा छापा

punjabkesari.in Tuesday, Nov 21, 2017 - 10:02 AM (IST)

बांदाः शहर के सर्वोदय नगर इलाके में स्थित ‘आध्यात्मिक विश्वविद्यालय’ संस्था के आश्रम में पुलिस ने सोमवार छापेमारी की कार्रवाई की। करीब 2 घंटे तक वहां पर मौजूद दर्जनभर सेविकाओं से पूछताछ की गई, साथ ही आश्रम के सभी कमरों की तलाशी ली गई। आफिस के कंप्यूटर को खंगाला और संस्था के दस्तावेज भी जांचे गए। वहीं मौके से एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई है।

बता दें ‘आध्यात्मिक विश्वविद्यालय’ आश्रम में सोमवार सुबह करीब 11 बजे भारी पुलिस बल के साथ पुलिस पहुंची। पुलिस ने 9 सेनिकाओं से बारी-बारी से पूछताछ की। इस दौरान सेविकाओं ने बताया कि आश्रम बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित का है, लेकिन वह यहां कभी आए नहीं हैं। यह आश्रम एक किराए के मकान में संचालित है। पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है इसलिए एफआईआर दर्ज कर आगे जांच हो रही है। फिलहाल मकान मालिक को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई है।

वहीं सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह के मुताबिक संस्था में कुछ नाबालिग लड़कियों को उनकी मर्जी के बगैर रखा जाता है। गंभीर किस्म का मामला था। महिला पुलिस के साथ यहां छापा मारा गया है। आगे एफआईआर दर्ज कर जांच जारी रहेगी। ये आध्यात्मिक विवि का आश्रम है। अभी रजिस्ट्रेशन इन्होंने दिखाया नहीं है।  पुलिस संस्था के रिकार्ड खंगालने में जुटी है।