अवैध रूप से संचालित हुक्काबार पर पुलिस का छापा, मालिक सहित 24 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Dec 07, 2019 - 11:42 AM (IST)

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस ने अवैध रुप से चल रहे हुक्काबार पर छापा मार कर 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। हुक्काबार में मौके से शराब की बोतल, नशीले पदार्थ, हुक्के में प्रयुक्त होने वाली सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी मुताबिक अलाउद्दीन हुक्काबार थाना क्वार्सी के किशनपुर तिराहे के पास स्थित है। पुलिस के अनुसार कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि रामघाट रोड पर अलाउद्दीन हुक्काबार अवैध रुप से संचालित हो रहा है। यहीं पर दो महीने पहले फायरिंग की घटना भी हुई थी, जिसमें दो लोग घायल भी हुए थे। शुक्रवार देर शाम क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन ने  हुक्काबार में छापा मारा कर कार्रवाई की तो दो दर्जन से ज्यादा लोग यहां बार में मौजूद मिले। वहीं हुक्काबार के काउंटर से नशीला पदार्थ व शराब मिली है। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए क्षेत्राधिकारी ने हुक्काबार को सील कर दिया है।

सिविल लाइन क्षेत्राधिकारी अनिल समानिया ने बताया कि हुक्काबार संचालक व पकड़े गये लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग यहां बर्थ डे मनाने के लिए आये थे। लेकिन पुलिस का मानना है कि हुक्काबार में जन्म दिन नहीं मनाया जाता है। वहीं हुक्काबार चलाने का कोई परमिशन नहीं है और न ही होता है। जिससे मालिक सहित 24 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 

 

Ajay kumar