पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jan 19, 2018 - 01:01 PM (IST)

फिरोजाबादः फिरोजाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पंजाब में कई मामलों में वांछित चल रहा एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मनोज कुमार ने बताया कि शिकोहाबाद पुलिस को गुरुवार शाम को सूचना मिली कि पंजाब से फरार चल रहा एक लाख रुपए का इनामी रविन्द्र उर्फ काली राजपूत एक विवाह मण्डप में अपने साथी के साथ आया हुआ है। पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया, लेकिन वह स्कार्पियो वाहन से बढ़ा नहर पुलिया की ओर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों को पीछाकर घेर लिया।

खुद को घिरा देख बदमाशों ने गोली चलानी शुरु कर दी। जिसमें 2 कांस्टेबल हारुन और रविन्द्र घायल हो गए। पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में इनामी बदमाश घायल हो गया जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश के कब्जे से स्कार्पियों वाहन के अलावा एक देशी रिवाल्वर और एक देशी तमंचा तथा कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश और 2 कांस्टेबलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

कुमार ने बताया कि मोहाली पंजाब के आजादनगर बदौली निवासी इस बदमाश पर पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में 15 संगीन मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उन्होंने बताया कि फरार बदमाश की पुलिस तलाश कर रही है।