पंजाब से बिहार जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप पुलिस ने पकड़ी, लाखों की बियर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 08:09 PM (IST)

चंदौली: उत्तर प्रदेश पुलिस ने चंदौली जिले में कथित तौर पर पंजाब से बिहार ले जाई जा रही 14,520 लीटर बियर की अवैध खेप जब्त की है और दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि खेप ले जा रहे ट्रक को चंदौली में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रोका गया, जिससे पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़े एक अंतरराज्यीय तस्करी मार्ग का खुलासा हुआ।

 

भूसी के नीचे छुपा कर ले जा रहे थे शराब 
अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि पुलिस माधोपुर क्षेत्र में नवीन मंडी के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी उसे बिहार की ओर अवैध बीयर ले जा रहे एक ट्रक के बारे में सूचना मिली। उन्होंने बताया कि राजमार्ग के पास ट्रक को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई, जिसके बाद भूसी के नीचे छुपाए गए पंजाब में निर्मित ब्रांडेड बीयर के 29,040 डिब्बे वाले 1,210 कार्टन बरामद किए गए।

जब्त बियर की कीमत कीमत लगभग 61 लाख रुपये 
अधिकारियों ने बताया कि जब्त बियर की कीमत करीब 61 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूला राम (28) और हितेंद्र कुमार (25) के रूप में हुई है जो राजस्थान के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि खेप पंजाब में लोड की गई थी और बिहार के औरंगाबाद जिले में ले जाई जा रही थी।

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज 
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कहा कि उन्हें ऐसी खेप के परिवहन के लिए प्रति यात्रा 50,000 रुपये का भुगतान किया जाता है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static