जौनपुर में 10 हजार की घूस लेते पुलिस उपनिरीक्षक गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, May 24, 2018 - 11:43 AM (IST)

जौनपुरः उत्तर प्रदेश के जौनपुर में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मुंगरा बादशाहपुर थाने में तैनात एक पुलिस उप निरीक्षक को 10 हजार रुपए की घूस लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन वाराणसी की निरीक्षक श्रीमती सरोज पांडेय ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि मुंगराबादशाहपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने विवेचना में माफिक रिपोर्ट लगाने के बदले लतहरिया निवासी मिथिलेश कुमार पेटल से दस हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। उसने इसकी लिखित शिकायत संगठन से की थी। इस पर बुधवार रात टीम ने उप निरीक्षक संजीव कुमार सिंह को मुंगराबादशापुर रोडवेज परिसर से रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि दरोगा को जिले के पंवारा थाने लाकर वहीं पर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पकड़े गए दरोगा को आज वाराणसी अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच पुलिस अधीक्षक के के चौधरी ने पकड़े गए उप निरीक्षक संजीव कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 
 

Tamanna Bhardwaj