हरदोई में रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 19, 2020 - 09:31 AM (IST)

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में मंगलवार को लखनऊ से आयी भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने पुलिस के एक दरोगा को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक महात्मा प्रसाद ने यहां बताया कि कन्नौज के शहर कोतवाली कुसुमखोर बांगर के रहने वाले जकील अहमद और उनकी पत्नी शबनम बेगम के बीच विवाद चल रहा था। शबनम बेगम ने अपने पति शकील अहमद के खिलाफ दहेज एक्ट और मारपीट के मामले की प्राथमिकी कोतवाली हरपालपुर में दर्ज कराई थी। जिसकी विवेचना 2015 बैच के उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह के पास थी।     

प्रसाद ने बताया कि अभिषेक कुमार सिंह पति-पत्नी के विवाद को लेकर दर्ज हुए मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए जकील अहमद से पांच हजार रुपयों की रिश्वत की मांग की थी। शकील अहमद ने इस पूरे मामले की शिकायत लखनऊ में भ्रष्टाचार निवारण संगठन विभाग से की थी। साक्ष्यों के आधार पर टीम ने कोतवाली हरपालपुर इलाके में बाईपास पर जनता ढाबा के सामने अभिषेक कुमार सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।   

Ajay kumar