Politics News: अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम पर ली चुटकी, कहा- ''भाजपा 2014 में यूपी से सत्ता में आई और 2024 में यूपी से ही जाएगी बाहर''
punjabkesari.in Monday, Jun 19, 2023 - 12:05 PM (IST)

(अरशद अली) Politics News: समाजवादी पार्टी(सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को फिरोजाबाद में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। सरकार की लापरवाही के कारण बनी हुई सारी व्यवस्थाएं फेल हो गई है। पुलिस की 100 नम्बर गाड़ी व एम्बुलेंस व्यवस्था को भी फेल कर दिया। इसलिए भाजपा 2014 में यूपी से सत्ता में आई थी और 2024 में यूपी से ही सत्ता से बाहर जाएगी।
गर्मी से हुई मौतों पर बोले अखिलेश- यह सरकार की लापरवाही
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव रविवार को टूंडला में पूर्व एमएलसी उदयवीर यादव के पिता के निधन पर उनकी त्रयोदशी संस्कार में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने गर्मी से हुई मौतों को लेकर कहा कि यह सरकार की लापरवाही है, सरकार को समय पर उपचार का इंतजाम करना चाहिए था। इस सरकार ने अच्छी खासी चलती हुई एम्बुलेंस व पुलिस की 100 नम्बर गाड़ी की व्यवस्था को खराब कर दिया।
भाजपा ने पिछले 6 साल में एक भी अस्पताल नहीं बनाया
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने पिछले 6 साल में एक भी अस्पताल नहीं बनाया, जिसमें गरीब का इलाज हो सके। भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक मुसलमानों के साथ भेदभाव हो रहा है। मंहगाई चरम सीमा पर है। किसानों को एमएसपी नहीं मिल रही है। जो सरकार किसानों को लाभ नहीं दे पा रही है, वह सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है। भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं, बेटियां असुरक्षित है।
केशव प्रसाद मौर्य पर अखिलेश यादव ने ली चुटकी
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता खुद थाने में घुसकर अपहरणकर्ताओं को बचायेंगे, भाजपा के लोग खुद दंगे करायेंगे तो क्या कानून व्यवस्था सही हो सकती है। उन्होंने पुलिस पर भी चांदी चोरी व वसूली करने का आरोप लगाया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि यह ट्रेंड लोगो हैं। उन्हें भाजपा ने केवल बोलने के लिए रखा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव जब भी हो समाजवादी लोग पूरी तरह से तैयार हैं और जीत हासिल करेंगे।