अखिलेश यादव की कांग्रेस को दो टूक- ''सीटों का बंटवारा होने के बाद ही ''भारत जोड़ो न्याय यात्रा'' में शामिल होगी सपा''

punjabkesari.in Monday, Feb 19, 2024 - 02:20 PM (IST)

Politics News: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिए जाने तक उनकी पार्टी राहुल गांधी की न्याय यात्रा में हिस्सा नहीं लेगी। राहुल गांधी की यात्रा सोमवार को अमेठी से होकर गुजरेगी है और इसके बाद रायबरेली जाएगी। रायबरेली में सपा प्रमुख को यात्रा में शामिल होना था। सपा ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 11 सीट की पेशकश की है, जबकि कांग्रेस और अधिक सीट मांग रही है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने पूर्व में कहा था कि उनकी पार्टी को करीब दो दर्जन सीट दी जानी चाहिए जहां 2009 के लोकसभा चुनावों में उसने जीत दर्ज की थी।

आज UP के अमेठी पहुंचेगी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', स्मृति ईरानी और राहुल गांधी का होगा आमना-सामना!
आपको बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले अमेठी के पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 19 फरवरी को यानी आज एक बार फिर अमेठी में एक साथ मौजूद होंगे। ईरानी 19 फरवरी यानी आज से अमेठी के 4 दिवसीय दौरे पर आ रही हैं और संयोग से उसी दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत अमेठी पहुंच रहे हैं। ईरानी अपने भाषणों में राहुल गांधी और नेहरू गांधी परिवार की खुलकर आलोचना करती रही हैं। ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट पर राहुल को पराजित किया था। उसके बाद से अमेठी में वे दोनों सम्भवतः पहली बार एक साथ मौजूद होंगे, वह भी एक ही विधानसभा क्षेत्र में। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सांसद स्मृति ईरानी 4 दिन अमेठी में रहेंगी। उनके मुताबिक इस दौरान गांवों में वह जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनेंगी तथा 22 फरवरी को अपने गृह प्रवेश कार्यक्रम में मौजूद रहेगी एवं पूजा-अर्चना करेंगी।

Content Editor

Anil Kapoor