भाजपा की झूठ की राजनीति से देश की साख दांव पर: अखिलेश

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2019 - 12:40 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झूठ और छलकपट की नींव पर आधारित राजनीति के चलते देश की साख भी दांव पर लगी है।

यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा को लोगों को बहकाने में कोई सानी नहीं है। विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा की केंद्र सरकार की कलई अब खुलने लगी है। भाजपा ने भ्रमजाल फैलाकर अपनी उपलब्धियों को खूब बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया, जिनकी पोल खुल रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती के दावे भाजपा सरकार ने किए थे पर अब भारतीय अर्थव्यवस्था के मंदी के दौर में होने की बात सामने आ रही है। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की ग्रोथ रेट वर्ष 2018-19 की दूसरी छमाही में 6.5 फीसदी पर आ गई है। जो औसत ग्रोथ सात फीसदी से काफी कम है।

इसी तरह मुख्य मंहगाई दर कोर इन्फ्लेशन 4.5 फीसदी पर आ पहुंच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में जीत के बाद से ही डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़त होने लगी है। इसकी वजह से माल ढुलाई का किराया बढ़ गया है। खुदरा कीमतें भी इससे प्रभावित होती हैं। भाजपा सरकार ने 2014 में भी वादा किया था कि उसके सत्ता में आने पर मंहगाई पर रोक लगेगी लेकिन मंहगाई में वृृद्वि होती गई है।

आज आम उपभोक्ता भी परेशानी में जी रहा है। घरेलू अर्थव्यवस्था गहरे दबाव में घिरती जा रही है। लोगों की क्रय शक्ति पर इस सबका असर पड़ा है। भाजपा की कुनीतियों के चलते जनता संकट में है। भाजपा ने लोकसभा चुनावो में विज्ञापनों तथा चुनाव प्रक्रिया में जितना बेतहाशा धन खर्च किया है, मंहगाई उसका ही दुष्परिणाम है। विज्ञापन पर ही भाजपा ने हजारो करोड़ रूपए खर्च किए हैं।


 

Tamanna Bhardwaj