नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रसपा ने किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Thursday, Dec 19, 2019 - 09:34 AM (IST)

लखनऊः नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया। प्रसपा के हजारों कार्यकर्ता अर्धनग्न होकर ‘संविधान बचाओ-देश बचाओ' के नारे लगा रहे थे। जीपीओ तक पैदल मार्च निकाल रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बेरिकेटिंग लगाकर रोका और नहीं मानने पर बल प्रयोग किया। जीपीओ स्थित गाँधी प्रतिमा तक जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकने पर प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ देश में विरोध और तनाव की स्थिति है।

बता दें कि प्रसपा मुखिया शिवपाल कानून के विरोध में धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कल कहा था कि सरकार को ऐसे विभाजनकारी अधिनियम को तत्काल वापस लेना चाहिए। यह देश हित में नहीं है। इस कानून से देश की एकता और अखंडता को खतरा है। सरकार की गलत नीतियों के चलते ही‘संविधान बचाओ-देश बचाओ' के संकल्प के साथ उपवास और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में विकास, भुखमरी, भ्रष्टाचार और दुष्कर्म जैसी घटनाओं से मुकाबला करने में सरकार फेल नजर आ रही है। देश और प्रदेश के अन्नदाता सबसे ज्यादा परेशान हैं। नागरिक संशोधन कानून का हम पुरजोर विरोध करते हैं। इसमें मुस्लिमों को सूची से बाहर किया जाना न्याय नहीं है।

Ajay kumar