प्रवीण तोगड़िया का बड़ा बयान, कहा- मोदी सरकार में किसानों का हुआ सबसे बड़ा नरसंहार

punjabkesari.in Thursday, Jan 31, 2019 - 12:44 PM (IST)

कानपुरः अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने एक बार फिर मोदी सरकार पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में किसानों का विश्व में सबसे बड़ा नरसंहार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से किसान को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। बीजेपी के शासन काल में 52 हजार से अधिक किसानों ने आत्महत्या की है।

दरअसल, प्रवीण तोगड़िया राष्ट्रीय किसान परिषद् सम्मलेन में बुधवार को शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान अपनी फसल उगाता है। दिन रात मेहनत करता है। खून पसीना बहाता है। उनकी फसल की कीमत सरकार तय करती है। यह गलत है। किसान की फसल पर सरकार का क्या अधिकार है जो दाम तय करती है। हमारा नारा है अपनी फसल अपना दाम इस स्लोगन से पूरे देश के किसानों को जागरूक किया जाएगा।

तोगड़िया ने कहा कि 9 फरवरी को दिल्ली में पार्टी का ऐलान करेंगे। गुजरात की सभी सीटों पर हमारी पार्टी चुनाव लड़ेगी। वहीं राम मंदिर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने 42 एकड़ भूमि वापस लेने के लिए कोर्ट में पत्र दाखिल किया गया है। यह सिर्फ दिखावा है। देश की जनता का ध्यान भटकाने का काम किया जा रहा है।

Tamanna Bhardwaj