प्रयागराज: इविवि की मानद उपाधि लेने से डीजीपी ने किया इनकार

punjabkesari.in Thursday, Sep 05, 2019 - 01:50 PM (IST)

प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन को उस समय तगड़ा झटका लगा जब दीक्षांत समारोह के एक दिन पहले डीजीपी ओपी सिंह ने मानद उपाधि लेने से साफ इनकार कर दिया। बता दें कि शिक्षक दिवस के मौके पर विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह को मानद उपाधि देने की घोषणा की थी। लेकिन, कार्यक्रम के ठीक एक दिन पहले ही डीजीपी ने मानद उपाधि लेने से इनकार कर दिया है। अब वह इस समारोह में आज शामिल नहीं होंगे। इससे पहले एक पुरा छात्र ने भी विश्वविद्यालय की पीएचडी की डिग्री लेने से मना कर दिया था।

विश्वविद्यालय ने डीजीपी ओपी सिंह को मानद उपाधि देने की घोषणा के बाद से ही विवाद उत्पन्न हो गया। छात्रों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। जबकि इविवि अध्यापक संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रो. राम किशोर शास्त्री ने भी विश्वविद्यालय के इस निर्णय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रो. शास्त्री ने बुधवार को दिल्ली में इसी सिलसिले में एक प्रेस वार्ता कर विश्वविद्यालय के फैसले पर सवाल उठाए। इसी के साथ मानव संसाधन मंत्रालय तक शिकायत पहुंचाई। विवाद बढ़ता देख दीक्षांत समारोह के एक दिन पहले डीजीपी ने इविवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंने से मना कर दिया। डीजीपी ने बताया कि उन्होंने इविवि के कुलपति प्रो. हांगलू के पत्र लिखकर मानद उपाधि के लिए चुने जाने पर आभार जताते हुए इसे स्वीकार करने से मना कर दिया है।

बता दें कि दो दिन पहले ही अंग्रेजी विभाग में शोधार्थी रहे ध्रुव कुमार सिंह ने पीएचडी की उपाधि लेने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा दीक्षांत समारोह में उत्तराखंड की राज्यपाल बाबी रानी मौर्य ने शामिल होने की स्वीकृति दी थी। लेकिन बाद में उन्होंने भी मना कर दिया थ।

कुल 63 छात्रों को दिए जाएंगे मेडल
दीक्षांत समारोह में विवि की ओर से दीक्षांत समारोह में छह चांसलर मेडल, 113 विश्वविद्यालय मेडल के साथ कुल मिलाकर 119 मेडल दिए जाएंगे। चांसलर मेडल पाने वालों में स्नातक के दो और परास्नातक के चार विद्यार्थी शामिल हैं। कई छात्रों को दो या उससे अधिक विश्वविद्यालय मेडल दिए जाने हैं। इस प्रकार मेडल पाने वाले छात्रों की कुल संख्या 63 है। मुख्य अतिथि नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी अपने हाथों से मेडल प्रदान करेंगे। इस दौरान 181 शोधार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। वह पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी को भी मानद उपाधि प्रदान करेंगे।      

 

 

Ajay kumar