प्रयागराज: दुनिया का सबसे बड़ा माघ मेला होगा विशेष, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना

punjabkesari.in Sunday, Jan 14, 2024 - 05:55 PM (IST)

प्रयागराज: दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माघ मेला 2024 कुछ विशिष्ट होने के साथ 2025 कुंभ मेला का ट्रायल भी होगा। बिना किसी आमंत्रण और निमंत्रण पर एक निश्चित समय और अवधि पर श्रद्धालु पतित पावनी गंगा, श्यामल यमुना और अन्त: सलिला स्वरूप में प्रवाहित सरस्वती के संगम तट पर करीब दो माह तक चलने वाला 2024 माघ मेला कुछ विशेष होगा। माघ मेला आयोजन यूनेस्को की ओर से घोषित मानवता की अमूर्त धरोहर कुंभ 2025 का ट्रायल होगा।        

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले दिनो माघ मेला और 2025 कुंभ मेले की तैयारियों का अवलोकन करने पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक जन समागम माघ मेला वर्ष 2023 की तुलना में कुछ विशिष्ट होगा। खासतौर पर 500 वर्षों के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से 22 जनवरी को भव्य आयोजन के साथ प्रयागराज मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।              

देश के कोने-कोने से लोग श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। मकर संक्रांति के पहले स्नान के साथ माघ मेले की शुरूआत होगी। अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में प्रयागराज के माघ मेले में आस्था की डुबकी लगाने अवश्य पहुंचेगे। माघ मेला कल्पवासियों का मेला होता है। यहां देश के कोने-कोने से एक मास का कल्पवास करने कल्पवासी पहुंचते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि मेले में कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का कष्ट नहीं होना चाहिए। पहली बार माघ मेले को विस्तार देने का प्रयास किया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए करीब 800 हेक्टेयर क्षेत्रफल में मेले को विस्तार देने का कार्य किया गया है। माघ मेले को छह सेक्टर में बांटा गया है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए छह पंटून पुल बनाये जाने हैं।               

माघ मेले में करीब 100 किलोमीटर के क्षेत्रफल में चकरप्लेट बिछेंगी। जलापूर्ति के लिए 200 किलोमीटर क्षेत्रफल में पाइप लाइन बिछाने की व्यवस्था की गयी है, 18 हजार से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था की गयी है और 21 हजार शौचालय स्थापित किए जाने की तैयारी है। कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी अस्पताल की भी व्यवस्था की जा रही है। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj