अस्पताल की लापरवाही से गर्भवती महिला की गई जान, परिजनों ने किया हंगामा

punjabkesari.in Friday, Dec 06, 2019 - 12:02 PM (IST)

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अस्पताल की लापरवाही से एक गर्भवती महिला की जान चली गई। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में ही शव रखकर जमकर हंगामा किया।

दरअसल थाना हरदुआगंज इलाके के गांव बटी नगला चंगेली निवासी करीब 28 वर्षीय नेहा देवी गर्भवती थी। जिसे परिजनों ने थाना गांधी पार्क इलाके के एटा चुंगी स्थित श्री चित्रगुप्त अस्पताल में 22 नवंबर को भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने उसे जबरन डिस्चार्ज कर दिया। जिससे घर जाकर तबीयत अधिक खराब हो गई और नेहा का आधा शरीर नीला पड़ गया। जहां वापस अस्पताल उपचार हेतु लाए तो डॉक्टर ने इलाज से इंकार कर दिया। परिजनों ने बताया कि तबीयत और बिगड़ी तो मेडिकल ले गए। जहां से दिल्ली सफदरगंज अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां नेहा देवी की मृत्यु हो गई।

परिजनों ने लौटकर महिला के शव को चित्रगुप्त अस्पताल के सामने गेट पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया है। मामला बिगड़ता देख मौके से अस्पताल का पूरा स्टाफ फरार हो गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया है। फिलहाल परिजनों की तरफ से आई तहरीर के आधार पर पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा हुआ है। बताया जा रहा है अस्पताल स्टाफ द्वारा चढ़ाया गया ब्लड महिला को इन्फेक्शन कर गया था।

मृतका के पति यतेंद्र सिंह ने बताया कि मै अपनी पत्नी को डिलिवरी के लिए चित्रगुप्त अस्पताल ले आया था जहां ऑपरेशन से पत्नी को बेटा हुआ। जबकि तबतक सबकुछ ठीक था। जिसके दो दिन बाद पत्नी की तबीयत खराब हो गई और मै अस्पताल लेकर आया तो यहां इन लोगों ने जबरन बाहर कर दिया। जिससे हम पहले मेडिकल कॉलेज ले गए परन्तु वहां जगह न मिलने पर हम दिल्ली ले गए। जहां इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। वहीं यतेंद्र सिंह ने कहा कि हम अस्पताल स्टॉफ के साथ सख्त कार्रवाई की मांग चाहते हैं। 

वहीं मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक रविन्द्र पाल सिंह ने बताया कि महिला की मौत के संबंध में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिसमें पुलिस और सीएमओ को लिखित रूप से जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच पूरी होने पर जो भी दोषी होगा उसे सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Ajay kumar