रामपुर उपचुनावः भाजपा के मंच पर मुस्लिमों की मौजूदगी ने बढ़ाई पूर्व मंत्री आजम खां की मुश्किलें

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 09:47 PM (IST)

रामपुर: भाजपा के मंच पर मुस्लिमों की मौजूदगी ने पूर्व मंत्री आजम खां की मुश्किलें बढ़ा दी है। आजम खां मंच पर बैठने वालों को गो तस्कर और गो कश की उपाधि दे रहे हैं। जबकि भाजपा के रणनीतिकारों ने पहली बार रामपुर में मुस्लिम कार्ड खेला है। मुस्लिमों के भाजपा से जुड़ने से आकाश सक्सेना उर्फ हनी की राह आसान हो जाएगी। क्योंकि रामपुर शहर विधानसभा सीट पर 60 प्रतिशत मुस्लिम और 40 प्रतिशत हिन्दू मतदाता हैं।

जबकि, शुक्रवार को रामपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मदरसों और योजनाओं के लाभ गिनाते हुए मुस्लिमों को खूब लुभाया जिसको सुनकर दर्शक दीर्घा में बैठे मुस्लिम योगी-योगी जयकारे लगाने लगे। पूर्व मंत्री आजम खां की विधायकी जाने के बाद रामपुर में हो रहे उप चुनाव में भाजपा ने पहली बार मुस्लिम कार्ड खेला है। मुसलमानों को पार्टी में पूरा सम्मान मिल रहा है और उन्हें मंच पर जगह दी जा रही है। भाजपा की इस चाल ने आजम खां की परेशानियां बढ़ा दी है। यदि मुसलमान उनके हाथ से फिसल गए तो उनकी पार्टी के लिए चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा। क्योंकि बड़ी तादाद में मुसलमान सपा से जुड़े हैं और मुसलमानों के वोटों के दम पर सपा सूबे में सरकार बनाती रही है।

भाजपा के रणनीतिकार रामपुर में आजादी के बाद पहली बार विधानसभा सीट जीतकर देश में यह संदेश देना चाहते हैं कि पुराने दिन बीते अब मुसलमान भाजपा के साथ है। रामपुर में हो रहे उप चुनाव में जीत दर्ज करके भाजपा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी लाभ लेना चाहती है। क्योंकि, दुनिया जानती है कि भारत में कश्मीर के बाद सर्वाधिक संख्या में मुस्लिमों की आबादी रामपुर में है और भाजपा के रणनीतिकार हर हाल में रामपुर की विधानसभा सीट जीतना चाहते हैं। इससे भाजपा एक तीर से दो निशाने लगा रही है एक तो सपा के कद्दावर नेता आजम खां को करारा झटका लगेगा और राजनीति नया मोड़ लेगी। दूसरे कश्मीर से कन्याकुमारी तक में भाजपा के प्रति एक अच्छा संदेश जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static