President Election 2022: UP में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान समाप्त, 396 विधायकों ने डाला वोट

punjabkesari.in Monday, Jul 18, 2022 - 07:58 PM (IST)

लखनऊ: राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए सोमवार को राज्य के 396 विधानसभा सदस्यों (विधायकों) ने यहां मतदान किया जबकि दो सदस्य वोट देने नहीं पहुंचे। इसके अलावा पांच विधायकों ने राज्य से बाहर मतदान के लिए अनुमति ली थी। उत्तर प्रदेश विधान भवन स्थित तिलक हॉल में सोमवार को सुबह से राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां विधान भवन के तिलक हॉल में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करते हुए भारतीय लोकतंत्र की मजबूती की कामना की।

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी बृजभूषण दुबे ने बताया कि कि यहां 398 विधायकों को मतदान करना था जिनमें से 396 विधायकों ने वोट डाला जबकि दो विधायक अपने मत का प्रयोग नहीं कर सके। राज्य के पांच विधायकों ने राज्य के बाहर अपना वोट डालने की अनुमति ली थी। सहारनपुर जिले की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी, मुरादाबाद के कुंदरकी से सपा विधायक जियाउर्रहमान, हाथरस के सादाबाद से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक प्रदीप कुमार सिंह तथा महोबा के चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत दिल्ली में तथा वाराणसी में सेवापुरी से भाजपा विधायक नील रतन पटेल ने तिरुवनंतपुरम में मतदान करने की अनुमति ली थी।

विधानसभा में 403 विधायक हैं, जिनमें से 396 विधायकों ने यहां विधान भवन के तिलक हाल में मतदान किया और दो विधायक अब्बास अंसारी और नाहिद हसन वोट नहीं डाल सके। इस बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि मुख्तार अंसारी के बेटे एवं मऊ से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालने नहीं पहुंचे, क्योंकि एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। अब्बास अंसारी बाहुबली पूर्व विधायक और वर्तमान में जेल में बंद मुख्तार अंसारी के पुत्र हैं।

राजभर ने कहा कि सुभासपा के बाकी पांच विधायकों ने राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। शामली जिले से कैराना के विधायक नाहिद हसन भी जेल में बंद होने के कारण वोट डालने नहीं आ सके। हसन एक आपराधिक मामले में मुजफ्फरनगर जेल में बंद हैं। बरेली के भोजीपुरा से सपा विधायक शहजिल इस्लाम अंसारी द्वारा क्रॉस वोटिंग की खबरों के बीच विधायक ने पीटीआई भाषा से कहा, ''मैं क्रॉस वोट क्यों करूं? मैंने पार्टी लाइन के अनुसार वोट किया है ।'' इस बीच, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया,‘‘बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तथा पार्टी की सोच के मुताबिक ही आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए सबसे पहले अपना समर्थन देने की घोषणा की।''

योगी आदित्यनाथ शुरुआती मतदाताओं में से थे। मतदान के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज 'राष्ट्रपति चुनाव-2022 में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए लखनऊ में (मैंने) मतदान किया। भारत का महान लोकतंत्र और अधिक सशक्त हो, प्रभु श्री राम से यही कामना है।'' राज्य के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और सूर्य प्रताप शाही विधायकों के साथ मतदान के लिए कतार में देखे गए। जेवर विधानसभा क्षेत्र से विधायक धीरेंद्र सिंह शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। उप्र के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर एक साथ वोट डालने पहुंचे। राष्ट्रपति चुनाव के लिए जारी निर्देशों की जानकारी देते हुए, निर्वाचन अधिकारी बृज भूषण दुबे ने बताया कि सभी विधायकों को बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि विधायकों को अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देने के लिए चुनाव आयोग के विशेष पेन का इस्तेमाल किया। दुबे के अनुसार चुनाव के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे और दिल्ली से आई दो मतपेटियों को आज, 18 जुलाई को ही मतदान पूरा होने के बाद वापस राष्ट्रीय राजधानी भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतगणना 21 जुलाई को दिल्ली में होगी। राष्ट्रपति चुनाव में उत्तर प्रदेश 403 विधायकों में से प्रत्येक के लिए 208 के उच्चतम वोट मूल्य के साथ एक महत्वपूर्ण राज्य होगा। राष्ट्रपति पद के लिए हो रहे चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से होगा।

दुबे ने पहले बताया था कि राज्य के पांच विधायक व्यक्तिगत कारणों से राज्य के बाहर अपना वोट डालेंगे। उनके अनुसार, इन विधायकों ने इस बारे में सूचना दे दी है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी, मुरादाबाद के कुंदरकी से सपा विधायक जियाउर्रहमान, हाथरस के सादाबाद से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक प्रदीप कुमार सिंह तथा महोबा के चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत दिल्ली में अपने वोट डालेंगे। उन्होंने बताया कि वाराणसी में सेवापुरी से भाजपा विधायक नील रतन पटेल तिरुवनंतपुरम में मतदान करेंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है। अलग-अलग राज्यों में हर विधायक के वोट की कीमत अलग-अलग होती है। उत्तर प्रदेश में, प्रत्येक विधायक के वोट का मूल्य 208 है।

प्रमुख राजनीतिक दलों ने पहले ही संबंधित उम्मीदवारों के लिए अपने समर्थन की घोषणा कर दी है। विपक्षी खेमे में समाजवादी पार्टी के सहयोगी ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष और जसवंत नगर के सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव भी राजग उम्मीदवार को समर्थन का ऐलान कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यों वाली विधानसभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी अपना दल (एस) और निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के विधायकों की कुल संख्या 273 है।

राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के सदस्‍यों की संख्‍या 111 और उसकी सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के छह तथा राष्‍ट्रीय लोकदल (रालोद) के आठ सदस्य हैं। इसके अलावा कांग्रेस के दो, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक हैं।

Content Writer

Mamta Yadav