अयोध्या दीपोत्सव में शामिल होंगे प्रधानमंत्री, भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ ही रामलला का करेंगे दर्शन... 15 लाख दीये जलाकर बनेगा विश्व रिकार्ड

punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 04:35 PM (IST)

अयोध्या: जिले के लोगों के लिए इस साल की दिवाली खास होने वाली है। इस बार 23 अक्टूबर को दिवाली मनाने के लिए उनके साथ देश के प्रधानमंत्री होंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक PMO की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद जिला प्रशासन उनके आने की तैयारियों में जुट गया है। इसके साथ ही इस बार सरयू घाट पर 15 लाख दिये जलाकर विश्व रिकार्ड भी बनाया जाएगा। दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए झांकियां प्रस्तुत होंगी।



भगवान राम के राज्याभिषेक में शामिल होंगे प्रधानमंत्री

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय से उनके आने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन उनके कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों में जुट गया है। पीएम सबसे पहले हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री भगवान राम के राज्याभिषेक में शामिल होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सरयू आरती में शामिल होंगे। यहां वो जनसभा को भी संबोधित कर सकते है।



15 लाख दिये जलाकर गिनीज बुक में  वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

प्रधानमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान यूपी सरकार सरयू नदी के 38 घाटों पर 15 लाख दिये जलाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाना चाहती है। इसके लिए राज्य सरकार ने 17 लाख दीयों की भी इंतजाम किया है। राज्य सरकार ने दिये जलाने की सारी जिम्मेदारी डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को दी है। विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के स्टूडेंट्स के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के सहयोग से  18 हजार वॉलिंटियर राम की पैड़ी पर दिए जलाएंगे। आपको बता दे की इससे पहले साल 2021 में 9 लाख 48 हजार दीये जलाए गए थे। दीये जलाने की शुरुआत प्रधानमंत्री के हाथों होगा।



दो बार अयोध्या आने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे पीएम मोदी

आपको बता दे की नरेंद्र मोदी दो बार अयोध्या आने वाले पहले पीएम होंगे। इससे पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने अयोध्या का एक बार से ज्यादा दौरा नहीं किया है। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 5 अगस्त 2022 को भी राम मंदिर के शिलान्यास के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या आए थे। अपने दूसरे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री करीब 4 से 5 घंटे अयोध्या में रहेंगे।

4 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल, साथ ही 8 देशों की रामलीला का होगा मंचन
अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान साउथ कोरिया, त्रिनिडाड समेत 4 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा त्रिनिडाड, नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया, श्रीलंका, भूटान, अमेरिका और वियतनाम देशों के रामलीला का मंचन किया जाएगा। दीपोत्सव के भव्य बनाने के लिए लेजर शो लगाया जाएगा।




 

Content Writer

Imran