सेंट्रल जेल में कैदी की मौत, परिजनों ने कहा- हुई हत्या

punjabkesari.in Friday, Jul 13, 2018 - 11:30 AM (IST)

फर्रुखाबादः उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक कैदी की जेल में मौत हो गई है। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कैदी की तबियत बिगड़ गई थी। जिसके चलते उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि उसे कोई बीमारी नहीं थी। परिजनों की इस बात से जेल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक औरेया के अछल्दा नगला मंजू निवासी 32 वर्षीय राजेश यादव  वर्ष 24 सितम्बर 2013 को अपनी की चाची विमला देवी व मौसी भानमती को लाठी से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इटावा जिला जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ धारा 302,323,325,429,452 के तहत मुकदमा भी दर्ज था। बीते 18 नबम्वर 2016 को उसे जिला सत्र न्यायाधीश औरैया द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

जिसके बाद इटावा जेल से राजेश का तबादला सेन्ट्रल जेल फतेहगढ़ को बीते 15 जनवरी 2017 को कर दिया गया था। तब से वह सेन्ट्रल जेल में सजा काट रहा था। गुरुवार को उसकी तबियत अचानक बिगड़ी तो उसका जेल में ही उपचार किया गया। लेकिन कोई लाभ ना होने से उसे लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया।

राजेश के भाई प्रदीप यादव ने बताया कि वह रविवार को जेल में मुलाकात करने आया था। उस समय उसे कोई बीमारी नहीं थी। अचानक मौत पर परिजनों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि जब उसकी तबियत खराब थी तो घर वालों को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। उसका आरोप है कि जेलर और उसके स्टाफ ने मिलकर राजेश की हत्या की है। उसी वजह से सूचना नहीं दी गई।

तहसीलदार सदर प्रदीप कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी तहसीलदार प्रदीप कुमार ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर कैदी राजेश यादव का पंचनामा भरकर पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं उसकी वीडियो ग्राफी भी कराई गई है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है। जिससे उसकी मौत का कारण पता चल सके।

वहीं अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि सेंट्रल खेल के कैदी राजेश की मौत हो गई थी। उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही उसकी मौत कैसे हुई पता चल पाएगा। 


 

Tamanna Bhardwaj