जेल में सजा काट रहे कैदी ने उठाया खौफनाक कदम, इस हालत में मिला शव

punjabkesari.in Tuesday, Oct 03, 2017 - 12:38 PM (IST)

बरेलीः बरेली केन्द्रीय कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रधान बंदीरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

कारागार के आधिकारियों ने बताया कि बदायूं के हरिनगला गांव के निवासी कल्याण (45) को वर्ष 2005 में अपनी भाभी और भतीजी की हत्या करने के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह 25 मार्च 2012 से बरेली केन्द्रीय कारागार में बंद था।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 7 बजे बैरक का बाड़ा खोला गया था। नित्य क्रिया और स्नान के बाद सुबह 11 बजे से भोजन वितरण हुआ। ड्यूटी में तैनात बंदीरक्षक भी इधर-उधर हो गए। इसी दौरान कल्याण ने बैरक के पीछे की तरफ लगे जामुन के पेड़ पर जेल में मिले अपने अंगोछे से फंदा बनाया और लटक गया।

पेड़ की तरफ गए एक कैदी की निगाह कल्याण के शव पर पड़ी तो उसने जेल प्रशासन को सूचना दी। वहीं मामले में लापरवाही उजागर होने पर प्रधान बंदीरक्षक राजीव कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।