प्रियंका ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- महाराष्ट्र सरकार को गिराने का कर रही प्रयास

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2020 - 07:07 PM (IST)

लखनऊ: कोरोना संकट से देश जंग लड़ रहा है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना मरीज है। इस पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या ज्यादा है। वहां की सरकार हर संभव महामारी को रोकने का प्रयास कर रही है। लेकिन भाजपा सरकार इसमें सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को गिराने का प्रयास कर रही है।

प्रियंका ने कहा कि इस समय देश मुश्किल दौर से गुजर रहा है। इस समय आमजनता की मदद करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूपी के श्रमिकों की मदद के लिए एक हजार बसें भेजी लेकिन योगी सरकार ने उन्हें स्वीकार नहीं किया जबकि आपसी मतभेद भुलाकर जनता की मदद करनी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि हमने तो ऑफर दिया था कि भले ही बसों पर भाजपा के बैनर व पोस्टर लगा लें लेकिन मजदूरों को इसके घर भेजने के लिए बसों का उपयोग कर लिया जाय परंतु योगी सरकार ने हमारी एक भी बात नहीं मानी।

प्रियंका गांधी ने योगी सरकार से की मांग
प्रियंका गांधी ने देश के गरीबों व छोटे व्यापारियों व दुकानदारों के लिए चार मांगे रखीं। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद को 10 हजार रुपये दे। अगले छह महीने के लिए श्रमिकों व गरीबों के खाते में हर महीने साढ़े सात हजार रुपये दिए जाएं। जो प्रवासी मजदूर वापस लौटे हैं उनके लिए मनरेगा के कार्यदिवस 100 से बढ़ाकर 200 किए जाएं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण व्यापार पूरी तरह बंद है। अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए सरकार छोटे व्यापारी व दुकानदारों को वित्तीय पैकेज दे।

Edited By

Ramkesh