प्रियंका और अखिलेश ने रालोद प्रमुख जयंत को दी जन्मदिन की बधाई

punjabkesari.in Monday, Dec 27, 2021 - 04:40 PM (IST)

लखनऊ: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी के जन्मदिन पर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई नेताओं ने सोमवार को बधाई और शुभकामनाएं दी। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को ट्वीट करके जयंत चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी। यादव ने अपने ट्वीट में लिखा ‘‘श्री जयंत चौधरी जी के जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं उनके सार्थक सक्रिय जीवन के लिए अनंत शुभकामनाएं।'' कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश मामलों की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ रखें एवं लंबी आयु प्रदान करें।'' 

गौरतलब है कि 27 दिसंबर 1978 को जन्मे जयंत चौधरी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पौत्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह के पुत्र हैं। अजित सिंह के निधन के बाद वह रालोद का नेतृत्व कर रहे हैं। रालोद प्रमुख ने 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj