प्रवासी श्रमिकों को लेकर ओछी राजनीति कर रही हैं प्रियंका: सिद्धार्थनाथ सिंह

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2020 - 04:52 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला बोला है। उन्होंने पियंका वाड्रा आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रवासी श्रमिकों को लेकर ओछी राजनीति कर रही हैं।  

मंत्री ने रविवार को यहां एक बयान में कहा "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। प्रियंका उत्तर प्रदेश की सीमा पर बसें भेजने की बात कर रही हैं। इससे जाहिर होता है कि उन्हें वस्तुस्थिति की जानकारी ही नहीं है और वह केवल ओछी राजनीति कर रही हैं।" मंत्री का यह बयान प्रियंका गांधी की उस मांग के बाद आया है जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रवासी श्रमिकों को घर वापस लाने के लिए 1000 बसें चलाने और उनका किराया पार्टी द्वारा वहन किए जाने की इजाजत मांगी थी।

सिंह ने कहा,‘‘प्रवासी कामगार उत्तर प्रदेश से नहीं बल्कि पंजाब, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों से आ रहे हैं। इन राज्यों में या तो कांग्रेस की सरकार है या फिर उनके गठबंधन की सरकार। अगर प्रियंका को स्थिति की जानकारी होती तो वह उन राज्यों में बसें उपलब्ध कराने को कहतीं लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि वह अपने ही मुख्यमंत्रियों से यह बात नहीं कह पा रही हैं और उत्तर प्रदेश सरकार पर उंगली उठा रही हैं। यह उनकी नासमझी को जाहिर करता है।’’ मंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने 400 रेलगाड़ियों और 11000 बसों का इंतजाम करके अन्य राज्यों से प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचवाया है।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी ने शनिवार को आदित्यनाथ को लिखे पत्र में आरोप लगाया था कि सरकार की तमाम घोषणाओं के बावजूद प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित वापसी के समुचित इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस गाजियाबाद और नोएडा की सीमाओं पर कुल 1000 बसें चलाना चाहती है और इसका पूरा खर्च पार्टी उठाएगी।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static