बनकट गांव में जब एक कच्‍चे मकान में हुई प्रियंका की एंट्री, प्रधान से बोलीं- उपलब्ध करवाए पक्‍का घर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 20, 2019 - 03:11 PM (IST)

भदोहीः पवित्र पावनि गंगा की लहरों पर सवार होकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पूर्वी उत्तर प्रदेश के चुनावी सफर पर निकली है। इस दौरान वह विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोगों से मुलाकात कर रही हैं। इसी कड़ी में वह मंगलवार को भदोही जिले में पहुंची।

यहां से मिर्जापुर जाते हुए प्रियंका बनकट गांव के लोगों से मिली। इस दौरान प्रियंका अचानक फूलचंद यादव नामक व्यक्ति के घर में चली गईं। प्रियंका को अपने घर में देख फूलचंद और उनका पूरा परिवार हैरान रह गया। प्रियंका ने उस परिवार से बात की। परिवार ने प्रियंका को बताया कि उनका मकान कच्चा है, जिसके बाद उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान को फूलचंद को पक्का मकान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि, प्रियंका गांधी आज पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में है। यहां उन्होंने रोजी-रोटी चलाने वाले निषाद एवं अन्य समाज के लोगों को ऐतिहासिक अस्सी घाट पर संबोधित करते हुए कहा कि 5 वर्षों में आपने देखा कि देश में क्या स्थिति बनी। हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा नहीं हुआ। किसानों को न तो खाद-बीज के लिए पैसे मिले और ना ही उनके फसल का उचित दाम।

उन्होंने केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाने में मदद की अपील करते हुए कहा कि आपको ऐसी सरकार चाहिए जो अहंकारी ना हो और आपकी हर समस्या को सुलझा सके। वाड्रा ने लोगों को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो निषाद, मल्लाह समेत नदी के सहारे अपना जीवन यापन करने वाले तमाम लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया जाएगा।

Deepika Rajput