शीला दीक्षित के निधन पर प्रियंका ने जताया गहरा शोक, कहा- दिल्ली एवं देश के विकास में दिया योगदान

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2019 - 07:56 PM (IST)

वाराणसी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शनिवार को यहां गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके सराहनीय योगदान को कांग्रेस पार्टी एवं दिल्लीवासियों समेत पूरा देश हमेशा याद रखेगा। दिल्ली की 3 बार मुख्यमंत्री रहीं दीक्षित को कांग्रेस की बड़ी नेता बताते हुए उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शीला जी कांग्रेस की एक बड़ी नेता थीं। कांग्रेस पार्टी एवं देश के विकास में उनका काफी योगदान रहा। पूरे देश की राजनीति के लिए और खासतौर से दिल्ली के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

वाड्रा ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता से अपने निजी संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि शीला जी मुझे बहुत प्यार करती थीं। जब भी मैं उनसे मिलती तो वह खुशी और प्यार से गले मिलती थीं। उनके निधन की खबर सुनकर बहुत दु:ख हुआ। कांग्रेस महासचिव सोनभद्र में जमीन विवाद को लेकर गत बुधवार हुए ‘नरसंहार' कांड में मारे गए 10 आदिवासियों के परिजनों एवं घायलों से मिलने यहां आईं थीं। प्रशासन ने उन्हें सोनभद्र जाने से रोक दिया था और उन्हें मिर्जापुर के चुनार गेस्ट हाउस में रखा गया था।

Anil Kapoor