उन्नाव हादसे पर प्रियंका गांधी ने जताया दुख, कहा- ''ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें''

punjabkesari.in Thursday, Jul 11, 2024 - 02:20 PM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार को एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 19 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी दुख जताया है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए है।

प्रियंका गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि उन्नाव, यूपी में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

सांसद साक्षी महाराज ने जताया दुख
सांसद साक्षी महाराज ने भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों से जिलाध्यक्ष भाजपा अवधेश कटियार, विधायक सदर पंकज गुप्ता, विधायक बांगरमऊ श्रीकांत कटियार आदि ने मिलकर हालचाल जाना। वहीं शवों का जल्द पोस्टमार्टम कराकर परिवारों तक पार्थिव शरीर पहुंचाने के लिए निर्देशित किया।

अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
बता दें कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इस हादसे को सरकार की लापरवाही बताया है। अखिलेश यादव का कहना है कि ''लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में 18 लोगों की मौत का कारण भाजपा सरकार की लापरवाही है। ये जांच का विषय है कि एक्सप्रेसवे पर विशेष पार्किंग ज़ोन की व्यवस्था होते हुए भी, कोई वाहन बीच रास्ते में क्यों खड़ा हुआ था। CCTV के लगे रहने के बावजूद खड़े वाहन की निगरानी में चूक कैसे हुई। क्या CCTV काम नहीं कर रहे थे। हाईवे पुलिस कहाँ थी, क्या नियमित पेट्रोलिंग नहीं हो रही थी। इस हादसे के बाद हाईवे एम्बुलेंस सर्विस कितनी देर में पहुंची और हताहतों के संबंध में उसकी भूमिका क्या रही। यदि गाड़ी खराब होने के कारण खड़ी थी, तो उसे टोइंग सहायता क्यों नहीं पहुँची। एक्सप्रेसवे पर प्रतिदिन करोड़ों रूपये लिए जाते हैं, वो पैसा एक्सप्रेसवे के व्यवस्थापन और प्रबंधन में न लग कर, क्या कहीं और जा रहा है। भाजपा सरकार इन प्रश्नों का सिलसिलेवार उत्तर दे।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static