कोरोना के बढ़ते मामलों पर बोली प्रियंका गांधी, कहा- सरकार आंकड़े न छुपाए

punjabkesari.in Sunday, Apr 18, 2021 - 11:20 AM (IST)

सिधौली: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना के चलते स्थित बहुत बिगड़ रही है। हर तरफ से बेड, ऑक्सीजन और दवाओं की कमी की खबरें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आंकड़े छुपाने के बजाय समस्या का समाधान कर इलाज मुहैया कराए। उन्होंने गरीबों और छोटे व्यापारियों के लिए आर्थिक पैकेज की मांग की।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी सरकार का धर्म है कि वे समस्या बढ़ाने और आंकड़ों को छुपाने के बजाय समस्या का सुलझाने की कोशिश कर सच्चाई सामने लाए,  क्योंकि आज जो स्थित है। वह सही नहीं है। 22 करोड़ लोगों में सिर्फ 85 लाख लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है। भर्ती होने से पहले DM से स्लिप लेने की जरूरत पड़ रही है। हिंदुस्तान दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक है, लेकिन हिंदुस्तान में ही वैक्सीन की कमी हो रही है, क्योंकि पीआर के लिए वैक्सीन अलग-अलग देशों में भेजे जा रहे हैं। इसकी ठीक से प्लानिंग करनी चाहिए थी। नहीं की तो अभी भी समय है कि इसके लिए ठोस तरीके से प्लानिंग की जाए और मजबूती से कदम उठाए जाएं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जो सबसे ज्यादा गरीब हैं, उन्हें आर्थिक मदद मिलनी चाहिए, जो छोटे-छोटे व्यापारी हैं, दुकानदार हैं, जिनका धंधा फिर से बंद होने जा रहा है, उन्हें खासतौर पर कोई पैकेज मिलना चाहिए। मैं उत्तर प्रदेश सरकार से आग्रह करना चाहती हूं कि आपका प्रशासन आक्रामक के बजाय संवेदनशील बन जाए। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश सरकार के साथ राजनैतिक मतभेद हो सकते हैं और हमेशा रहेंगे, लेकिन इस समय हम एकसाथ खड़े हैं। कांग्रेस जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कोरोना महामारी का सामना करेगी। अंत में प्रियंका ने जनता से भी अपील करते हुए कहा कि आप सभी की जिम्मेदारी बनती है कि आप मास्क पहनिए, घर से कम से कम निकलिए, सारे नियमों का पालन कर अपनी जिम्मेदारी का पालन करिए।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj