वाया वायनाड लोकसभा पहुंचने की तैयारी में प्रियंका गांधी, यूपी से सीखीं राजनीति की बारीकी, पहली बार लड़ेंगी चुनाव

punjabkesari.in Thursday, Jun 20, 2024 - 11:21 AM (IST)

लखनऊ: लड़की हूं, लड़ सक्ती हूं का नारा देने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बाड्रा प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में भले ही सफल न रही हों लेकिन यहां से सीखी राजनीति की बारीकी का लाभ अब उन्हें केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के दौरान मिल सकता है। प्रियंका लोस चुनाव लड़ने वाली गांधी परिवार की 10वीं सदस्य होंगी।

राहुल गांधी के वायनाड से दिया इस्तीफा, उपचुनाव के जरिए पहली बार राजनीति में प्रवेश करेंगी प्रियंका 
52 वर्षीया प्रियंका कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य है। राहुल गांधी के वायनाड से इस्तीफा देने के बाद यह चुनावी राजनीति में पहली बार उपचुनाव के जरिए प्रवेश करने जा रही हैं। प्रियंका ने औपचारिक रूप से सक्रिय राजनीति में तब प्रवेश किया जब उन्हें 23 जनवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से के लिए कांग्रेस पार्टी का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया। 11 सितंबर, 2020 को उन्हें पूरे उत्तर प्रदेश का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया। इससे पहले वह पार्टी संगठन में ही काम करती रही हैं। प्रियंका वर्ष 2004 के लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रचार अभियान में शामिल रहीं। यह राजनीति में उनका पहला मजबूत कदम था। उन्होंने दर्जनों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियां की। वर्ष 2007 के प्रदेश विधानसभा चुनावों में जब राहुल गांधी ने कांग्रेस के लिए राज्यव्यापी प्रचार अभियान का जिम्मा संभाला तो प्रियंका ने अमेठी रायबरेली क्षेत्र की 10 सीटों पर अपना ध्यान केंद्रित किया। वह करीब डेढ़ दशक तक चुनावी राजनीति में उतरने से कतराती रहीं लेकिन प्रदेश में कांग्रेस का कामकाज देखती रहीं। वह रायबरेली में अपनी मां सोनिया गांधी और अमेठी में अपने भाई राहुल के चुनाव अभियानों में सहायक की भूमिका में रहीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रियंका के कभी रायबरेली तो कभी अमेठी से चुनाव लड़ने की चर्चा तो खूब हुई। लेकिन, अंतिम समय में गांधी परिवार के विश्वस्त केएल शर्मा को अमेठी लोकसभा क्षेत्र से उतारा गया। जहां से उन्होंने स्मृति इरानी को हराकर जीत भी दर्ज की। 

PunjabKesari

प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस ने लड़ा था 2022 का यूपी चुनाव
 कांग्रेस ने प्रियंका गांधी के ही नेतृत्व में वर्ष 2022 का प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ा। जनवरी 2022 में प्रियंका ने अपने भाई राहुल के साथ यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र लांच किया। महिला मतों को आकर्षित करने व सक्रिय राजनीति में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने को उन्होंने राज्य में 'लडकी हूं, लड़ सकती हूं' अभियान की शुरुआत की। प्रदेश में पार्टी को पुनजीवित करने के उनके सभी प्रयासों के बावजूद कांग्रेस पार्टी को वर्ष 2022 के यूपी विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा। 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस सिर्फ दो सीटें ही जीत सकी थी।

वायनाड में लगे पोस्टर, प्रियंका हमारा ख्याल रखें
प्रियंका गांधी वाड्रा के वायनाड पहुंचने से पहले कांग्रेस पार्टी वहां के लोगों के साथ आत्मीय रिश्ता जताने से भी नहीं चूक रही है। केरल के उत्तर-पूर्व में स्थित व प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध वायनाड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को क्षेत्र न छोड़ने व उनके समर्थन में पोस्टर लगाए। कुछ पोस्टर में तो यह भी लिखा गया कि राहुल को यदि क्षेत्र छोड़ना ही पड़ जाए तो बहन प्रियंका गांधी से उनका ध्यान रखने को जरूर कहें। वायनाड की जनता ने राहुल गांधी को दूसरी बार सांसद बनाया है। यहां से राहुल गांधी 3,64,422 लाख मतों से चुनाव जीते हैं। वर्ष 2019 में राहुल ने वायनाड से 4 लाख से ज्यादा वोटों के के अंतर से चुनाव जीता था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static