मौनी अमावस्या के मौके पर प्रयागराज पहुंचीं प्रियंका गांधी, संगम में किया पवित्र स्नान

punjabkesari.in Friday, Feb 12, 2021 - 08:02 AM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने  गुरुवार को नैनी स्थित अरैल घाट पर मौनी अमावस्या के अवसर पर गंगा में डुबकी लगाई और स्नान के बाद पूजा अर्चना की। इसके अलावा उन्होंने द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लिया। कांग्रेस नेता ने बताया कि प्रियंका स्वयं चप्पू चलाकर नाव को अरैल घाट तक लेकर आईं और इस दौरान उनके साथ मौजूद स्थानीय कांग्रेस नेता हसीब अहमद ने उनके साथ सेल्फी लेने का आग्रह किया जिस पर प्रियंका ने नाविक कुलदीप निषाद को भी सेल्फी में शामिल करने के लिए कहा। गुरुवार को मौनी अमावस्या थी और मान्यताओं के मुताबिक गंगा में स्नान का इस दिन का काफी महत्व है। मौनी अमावस्या माघ मेले का सबसे प्रमुख स्नान पर्व है और मेला प्रशासन का दावा है कि इस मौके पर यहां गंगा, यमुना और संगम में शाम 6 बजे तक लगभग 30 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि प्रियंका गांधी के साथ उनकी बेटी मिराया वाद्रा और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने संगम में स्नान किया। सबसे खास बात यह रही कि प्रियंका गांधी खुद नाव चलाकर अरैल घाट तक आईं। तिवारी ने बताया कि उन्होंने सबके बीच प्रियंका से कहा कि यदि वह (प्रियंका) इसी तरह कांग्रेस की नाव चलाएं तो पार्टी की नैया पार हो जाएगी। प्रियंका गांधी ने संगम में पूरे श्रद्धा भाव से स्नान किया और स्नान के बाद पूजा अर्चना की। स्नान के दौरान आसपास अन्य श्रद्धालु बड़े कौतुहल के साथ प्रियंका गांधी को देख रहे थे।

कांग्रेस के स्थानीय नेता मुकुल तिवारी ने बताया कि प्रियंका गांधी के संगम स्नान के दौरान जल पुलिस की नावें आसपास सुरक्षा में लगी रहीं और सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। सुरक्षा कारणों से ही प्रियंका गांधी को अरैल स्थित वीआईपी घाट से स्नान की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रमोद तिवारी ने बताया कि प्रियंका गांधी दिन में 12 बजे बम्हरौली हवाईअड्डा पहुंची जहां से वह सीधे स्वराज भवन पहुंची। स्वराज भवन में करीब एक घंटा बिताने के बाद प्रियंका गंगा स्नान के लिए अरैल घाट रवाना हो गईं। कांग्रेस के एक अन्य नेता इरशाद उल्लाह ने बताया कि गंगा स्नान के बाद प्रियंका मनकामेश्वर मंदिर स्थित शंकराचार्य के आवास पर पहुंचीं जहां उन्होंने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static